Ranchi : अखिल भारतीय भोजपुरी, मगही, मैथिली, अंगिका मंच की एक महत्वपूर्ण बैठक आज हरमू स्थित स्वागतम बैंक्वेट हॉल में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता मंच के अध्यक्ष कैलाश यादव ने की। इस दौरान रांची जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए भोजपुरी, मगही, मैथिली और अंगिका समाज के प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
बैठक में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) के लिए घोषित 17 क्षेत्रीय भाषाओं में से केवल 12 भाषाओं को जिला स्तर पर मान्यता देने के सरकार के निर्णय पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की गई। इसमें भोजपुरी, मगही, मैथिली, अंगिका और भूमिज जैसी प्रमुख भाषाओं की उपेक्षा पर समाज में गहरा आक्रोश देखा गया।
सरकार पर जनभावनाओं की अनदेखी का आरोप
मंच अध्यक्ष कैलाश यादव ने कहा, “सरकार द्वारा बार-बार क्षेत्रीय भाषाओं को लेकर विवाद उत्पन्न करना दुर्भाग्यपूर्ण है। वर्ष 2018 में जिन 17 भाषाओं को द्वितीय राजभाषा के रूप में राज्य सरकार द्वारा मान्यता दी गई थी, उनका सम्मान और उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। पलामू, गढ़वा, गोड्डा, साहिबगंज, देवघर, जामताड़ा, रांची, जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, कोडरमा, चतरा और हजारीबाग जैसे जिलों में भोजपुरी, मगही और अंगिका भाषा बड़े पैमाने पर बोली जाती है।”
उन्होंने सरकार को चेताते हुए कहा कि प्रशासनिक स्तर पर जनभावनाओं की अनदेखी करने वाले ‘जयचंदों’ से सावधान रहना होगा जो सामाजिक समरसता को बिगाड़ सकते हैं।
मैथिली संघर्ष समिति ने भी जताया विरोध
मैथिली संघर्ष समिति के संयोजक अमरनाथ झा ने सरकार द्वारा 2023 के गजट के हवाले से सिर्फ 12 भाषाओं को मान्यता दिए जाने को “त्रुटिपूर्ण और असंवेदनशील निर्णय” करार दिया। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार अपने फैसले पर पुनर्विचार करे और सभी 17 मान्यता प्राप्त भाषाओं को समान रूप से लागू करे।
संगठन को मजबूत करने पर ज़ोर
बैठक के अंत में संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए नियमित बैठक करने का निर्णय लिया गया। अगली बैठक 29 जून 2025 को हरमू हाउसिंग कॉलोनी, नियर पटेल पार्क में आयोजित की जाएगी।
इस बैठक में मृत्युंजय झा, नंदन यादव, राम पुकार राय, रामकुमार यादव, नवीन झा, विभाकर कुमार, सुनील पांडेय, कुंदन सिंह, यतींद्र लाल दास, राजकुमार मिश्रा, दीनानाथ डॉन, चंद्रदेव मंडल, अरुण कुमार मिश्रा, ब्रज कुमार झा, राधेश्याम यादव, उमेश राय, शिवकुमार नाथ झा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Also Read : चतरा का नया गैंगस्टर उत्तम यादव ने ली हजारीबाग गोलीकांड की जिम्मेदारी, Video जारी कर खुलेआम दी धमकी… देखें