Ranchi : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रविवार शाम राजधानी रांची पहुंचेंगी। उनके आगमन को लेकर शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और पूरे रांची को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा में राज्य के 14 IPS अधिकारी और 75 DSP तैनात किए गए हैं। एयरपोर्ट से लेकर लोकभवन तक के पूरे मार्ग पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। इस दौरान प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी
राष्ट्रपति के आगमन से लेकर प्रस्थान तक ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही मोबाइल सर्विलांस यूनिट भी सक्रिय रहेंगी। सुरक्षा एजेंसियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
28 से 30 दिसंबर तक बदलेगा ट्रैफिक सिस्टम
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए 28, 29 और 30 दिसंबर को रांची के ट्रैफिक सिस्टम में आंशिक बदलाव किया गया है।
- 28 दिसंबर : शाम 6 बजे से 7 बजे तक एयरपोर्ट से लोकभवन तक सड़क बंद रहेगी।
- 29 दिसंबर : सुबह 9.30 से 10.30 बजे और शाम 4 से 5 बजे तक एयरपोर्ट से हरमू बाइपास होते हुए लोकभवन तक यातायात रोका जाएगा।
- 30 दिसंबर : सुबह 9 से 10 बजे तक हरमू बाइपास से एयरपोर्ट और लोकभवन जाने वाला मार्ग बंद रहेगा।
प्रशासन ने आम लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों से समय से पहले निकलने की अपील की है।
NIT जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल
रांची पहुंचने के बाद राष्ट्रपति लोकभवन में ठहरेंगी। 29 दिसंबर को वह जमशेदपुर जाएंगी, जहां NIT जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। वह दोपहर 2.05 बजे से 3.10 बजे तक कैंपस में रहेंगी। इस दौरान 1114 छात्रों को डिग्री दी जाएगी, जिनमें 612 छात्र व्यक्तिगत रूप से शामिल होंगे।
ओलचिकी लिपि के शताब्दी समारोह में भी जाएंगी
NIT कार्यक्रम से पहले राष्ट्रपति करनडीह जाहेरथान जाएंगी। यहां वह संथाली भाषा की ओलचिकी लिपि के 100 वर्ष पूरे होने पर आयोजित शताब्दी समारोह में भाग लेंगी। इस कार्यक्रम में 100 लोगों को सम्मानित किया जाएगा, जिनमें से 12 लोगों को राष्ट्रपति स्वयं सम्मानित करेंगी। मंच पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल संतोष गंगवार भी मौजूद रहेंगे।
Also Read : हाईकोर्ट के निर्देश पर एक्शन: ड्रोन से नापी जा रही बड़ा तालाब की जमीन


