Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिले में जनगणना 2027 की तैयारी तेज कर दी गई है। DC सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला स्तर पर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम अब पूरा हो गया है। यह प्रशिक्षण सरायकेला प्रखंड कार्यालय सभागार में आयोजित किया गया।
अधिकारियों और फील्ड ट्रेनर्स की रही भागीदारी
8 अप्रैल से 10 अप्रैल तक चले इस प्रशिक्षण में अलग-अलग प्रखंडों के बीडीओ, नगर परिषद और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी के साथ नामित फील्ड ट्रेनर्स ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर एम.डी. तासिकुर रहमान और अविनाश ठाकुर ने दिया।
टेक्निकल और ग्राउंड लेवल ट्रेनिंग पर फोकस
ट्रेनिंग के दौरान मकान सूचीकरण और मकानों की गणना (HLO) से जुड़ी हर जरूरी जानकारी दी गई। सिर्फ थ्योरी ही नहीं, बल्कि फील्ड में जाकर भी प्रैक्टिकल कराया गया। मानिक बाजार क्षेत्र में नक्शा बनाने का अभ्यास कराया गया, ताकि टीम को जमीनी स्तर पर काम करने की समझ मिल सके।
समय पर और सही तरीके से काम करने के निर्देश
प्रशिक्षण खत्म होने के बाद फील्ड ट्रेनर्स को साफ निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने इलाकों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को भी सही तरीके से ट्रेनिंग दें। लक्ष्य है कि जनगणना का काम समय पर, पारदर्शी और बिना किसी गड़बड़ी के पूरा हो।
अपर उपायुक्त ने दी जरूरी नसीहत
समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने कहा कि जनगणना का काम बेहद जिम्मेदारी वाला है। इसे तय समय सीमा में पूरा करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि काम के दौरान धैर्य रखें, लोगों के साथ अच्छा व्यवहार करें और आंकड़ों की गोपनीयता व शुद्धता का खास ध्यान रखें।
अन्य अधिकारी भी रहे मौजूद
इस मौके पर अपर जिला जनगणना पदाधिकारी कमलेश कुमार दास समेत कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि इस तैयारी से जनगणना 2027 को सफल बनाने में काफी मदद मिलेगी।
Also Read : जामताड़ा में सृजन शाखा के नए सदस्यों ने ली शपथ, सम्मान समारोह में दिखा उत्साह


