Khunti : खूंटी जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खूंटी-गुमला सीमा पर रनिया थाना पुलिस ने एक ट्रक से 50 बोरा डोडा जब्त किया है। तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए डोडा को भूसे के नीचे छिपाकर रखा था। हालांकि कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक और खरीददार मौके से फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक में भारी मात्रा में डोडा ले जाया जा रहा है। इसके बाद खूंटी-गुमला बॉर्डर पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया। ऊपर से देखने पर ट्रक भूसे से भरा हुआ लग रहा था, लेकिन जब पुलिस ने गहराई से तलाशी ली तो भूसे के नीचे छिपाकर रखे 50 बोरा डोडा बरामद हुए।
पुलिस को चकमा देकर भाग निकले तस्कर
पुलिस की कार्रवाई शुरू होते ही तस्करों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक और माल लेने पहुंचा व्यक्ति मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस अब दोनों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि डोडा की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और किस जगह पहुंचाई जानी थी। शुरुआती जांच में अंतरजिला तस्करी नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है। ट्रक को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
खूंटी में नशा तस्करी पर लगातार शिकंजा
खूंटी और आसपास के इलाकों में हाल के महीनों में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है। इस ताजा बरामदगी ने एक बार फिर दिखा दिया है कि तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस भी अब सतर्क मोड में है।
Also Read : साहिबगंज में बारिश के बाद जलजमाव से फूटा लोगों का गुस्सा, फोरलेन सड़क जाम


