Giridih : झारखंड में गर्मी की शुरुआत होते ही गिरिडीह में बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उमस भरे मौसम में बार-बार बिजली जाने से आम लोग परेशान हैं और नाराजगी भी बढ़ती जा रही है।
पावर सब स्टेशन का घेराव
इसी समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने डांडीडीह स्थित पावर सब स्टेशन का घेराव किया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग उठाई गई।
‘लापरवाही से बढ़ी परेशानी’
भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण लोगों को भारी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि अभी गर्मी की शुरुआत ही हुई है और बिजली कटौती शुरू हो गई, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं।
बिल बढ़ोतरी पर भी नाराजगी
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक तरफ बिजली की सप्लाई बाधित है, वहीं दूसरी तरफ बिजली बिल में बढ़ोतरी कर दी गई है। इससे आम लोगों पर दोहरी मार पड़ रही है।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
भाजपा ने साफ कहा है कि अगर जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस एक दिवसीय घेराव कार्यक्रम में कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल
प्रदर्शन में ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा, सिकंदर हेम्ब्रम, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी और यदुनंदन पाठक समेत कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
Also Read : ट्रेजरी घोटाले की जांच का असर, झारखंड पुलिस की सैलरी अटकी


