Latehar : लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने बीती देर रात गश्ती के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पीपल चौक के पास अवैध शराब से लदी एक कार जब्त की है। हालांकि, पुलिस को देखकर कार चालक मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार में अवैध शराब भरकर नेतरहाट की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर गश्ती दल को सतर्क किया गया और पीपल चौक के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
जांच के दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया। पुलिस ने जब वाहन खोलने को कहा, तो चालक अचानक कार छोड़कर भाग गया। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से कुल 9 पेटी अवैध शराब बरामद की गई। इसमें व्हिस्की की 3 पेटी, रम की 4 पेटी और बीयर की 2 पेटी शामिल हैं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने अवैध शराब के साथ कार और चालक का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। इस मामले में महुआडांड़ थाना में कांड संख्या 56/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। थानेदार ने बताया कि फरार चालक की पहचान की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
Also Read : शराब लदे ट्रक ने मचाई तबाही… जानें कैसे


