Jamshedpur : झारखंड के कई जिलों में कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में जमशेदपुर कोर्ट परिसर में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। जिला पुलिस की ओर से कोर्ट की सुरक्षा को लेकर विशेष तैयारी की गई है और पूरे परिसर में सघन निगरानी की जा रही है।
सिटी एसपी ने किया कोर्ट परिसर का निरीक्षण
बुधवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जमशेदपुर कोर्ट परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गेट नंबर एक से लेकर गेट नंबर तीन तक सभी प्रवेश और निकास मार्गों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और कई जरूरी निर्देश दिए। कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से आने-जाने वाले सभी लोगों की निगरानी की जा रही है। साथ ही कोर्ट में प्रवेश करने वाले लोगों के बैग और अन्य सामान की भी जांच की जा रही है।
न्यायालय परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा
पुलिस प्रशासन ने न्यायालय परिसर के विभिन्न हिस्सों में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की है। परिसर के हर कोने पर पुलिस की नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और घबराने की जरूरत नहीं है। अगर किसी को कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई देता है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
एक्सएलआरआई को भी मिली थी धमकी
जमशेदपुर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान XLRI को भी हाल ही में ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इस मामले में पुलिस जांच कर रही है और ई-मेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
कई जिलों के कोर्ट को मिली धमकी
जानकारी के अनुसार राज्य के कई जिलों के न्यायालयों को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इनमें रांची, बोकारो और धनबाद के कोर्ट भी शामिल हैं। इस घटना के बाद पूरे राज्य में पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए जमशेदपुर पुलिस ने न्यायालय परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई भी लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
Also Read : अमन साहू की बरसी पर राहुल सिंह का भावुक पोस्ट, कहा- भैया की याद आज भी हर पल आती है



