Jamshedpur : जमशेदपुर के एमजीएम थाना पुलिस ने एक बड़ी चोरी का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों सुंदर कुजूर उर्फ कल्लू, रोहित गोप, मनीष राय और बिक्की सिंह को गिरफ्तार किया। उनके पास से चोरी किए गए 15-16 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने, नकदी और मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, परिवार 28 नवंबर को समारोह में गया था और घर में ताला लगा हुआ था। चोरों ने इसका फायदा उठाकर ताला तोड़ा और घर के कीमती सामान लेकर फरार हो गए। चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाकर छापेमारी और निगरानी अभियान चलाया। इसी दौरान चारों आरोपियों को पकड़ा गया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी सुंदर कुजूर और रोहित गोप ने चोरी की बात स्वीकार की और बताया कि गहनों को आपस में बांट लिया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल, काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, लोहे का औजार, स्क्रू ड्राइवर और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के गहने बरामद किए।
ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोहों को बड़ा झटका लगा है। चोरी गए सामान का अधिकतर हिस्सा बरामद होने से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है।


