Patna : स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 के परिणाम 17 जुलाई को दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में घोषित किए जाएंगे। इस मौके पर बिहार की राजधानी पटना को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने जा रहा है। पटना नगर निगम (PMC) को लगातार दूसरी बार इस सम्मान के लिए चुना गया है, जो पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है।
नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने बताया कि इस सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी शामिल होंगी और पुरस्कार प्रदान करेंगी। यह कार्यक्रम आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
इस बार पटना नगर निगम ने 5 स्टार रेटिंग के लिए दावा किया है, हालांकि प्रशासन को 3 स्टार रेटिंग मिलने की प्रबल संभावना है। साथ ही बिहार का सबसे स्वच्छ शहर का खिताब भी पटना को मिल सकता है। 2023 में पटना को 1 स्टार रेटिंग मिली थी और वह 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में 25वें स्थान पर था। इस बार नगर निगम का लक्ष्य शीर्ष 20 शहरों में स्थान बनाना है, जिसमें उसे 15वां स्थान मिलने की उम्मीद है।
स्वच्छता सर्वेक्षण में 12,500 अंकों के आधार पर मूल्यांकन होता है। नागरिकों की भागीदारी, फीडबैक और सफाई कार्य के कारण पटना की रैंकिंग में सुधार हुआ है। सफाई कर्मियों, वार्ड पार्षदों और ब्रांड एंबेसडरों ने फीडबैक एकत्र करने में बड़ी भूमिका निभाई।
नगर आयुक्त ने सभी सफाई कर्मियों और जनप्रतिनिधियों को बधाई दी और कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। यह उपलब्धि अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणा बनेगी और स्वच्छता के प्रति जागरूकता को और बढ़ावा देगी।
Also Read : बिहार में भीषण गर्मी के बीच बिजली खपत ने तोड़ा रिकॉर्ड, 8560 मेगावाट का नया उच्चतम स्तर