Pakur : पाकुड़ पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने एक टोटो से करीब 100 लीटर देसी शराब बरामद की और चालक को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, ये शराब टोटो के माध्यम से पश्चिम बंगाल ले जाई जा रही थी। बीते दिनों पुलिस को सूचना मिली थी कि पाकुड़–धुलियान मुख्य सड़क मार्ग का इस्तेमाल अवैध शराब तस्करी के लिए किया जा रहा है।
सूचना की पुष्टि होने के बाद सहायक अवर निरीक्षक होपना मरांडी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के कलिकापुर श्याम बीड़ी के पास जांच अभियान चलाया। रेलवे फाटक की ओर से आ रहे टोटो को रोका गया तो सीट के नीचे प्लास्टिक की बोतलों में छिपाकर रखी गई शराब मिली।
मौके पर ही टोटो चालक, हिरणपुर निवासी निमाई मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना प्रभारी बबलू कुमार ने बताया कि बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार अवैध शराब के कारोबार पर निगरानी कर रही है और तस्करों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
नववर्ष के पहले शराब की मांग बढ़ने के कारण अवैध गतिविधियों में तेजी की आशंका के मद्देनज़र जिले में गश्त और जांच अभियान को और मजबूत किया गया है। पुलिस और उत्पाद विभाग संयुक्त रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों और संवेदनशील मार्गों पर लगातार छापेमारी कर रहे हैं।


