Ranchi : झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, यह प्रणाली आज सुबह 8:30 बजे से सक्रिय हो चुकी है, जिसका असर रांची, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, हजारीबाग, कोडरमा, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, खूंटी, बोकारो और धनबाद में देखने को मिलेगा।
कोल्हान के तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में वज्रपात के साथ भारी से अत्यंत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में गर्जन और वज्रपात के साथ मध्यम दर्जे की बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक झारखंड में तेज बारिश की संभावना जताई है। खासकर 25 से 28 जुलाई तक रांची और आसपास के जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 25, 27 और 28 जुलाई के लिए येलो अलर्ट, जबकि 26 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। इस दौरान तेज गरज, वज्रपात और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। नागरिकों और किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
रांची में जलजमाव से जनजीवन प्रभावित
गुरुवार को दोपहर करीब 3:30 बजे राजधानी रांची में अचानक हुई मूसलधार बारिश ने शहर को अस्त-व्यस्त कर दिया। एक घंटे की बारिश से निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई, जिससे आवागमन बाधित हुआ। दोपहिया वाहनों के संचालन में भी भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा।
Also Read : नरेंद्र मोदी बने लगातार सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले दूसरे पीएम, तोड़ा इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड