Khunti : खूंटी जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अड़की थाना क्षेत्र के ग्राम नौढ़ी, बाबूटोली में छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में अफीम (डोडा) बरामद किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। एसपी मनीष टोप्पो को सूचना मिली थी कि नौढ़ी गांव में अंकित हजाम और लालू हजाम के घर में बड़े पैमाने पर अफीम छिपाकर रखी गई है। सूचना के सत्यापन के बाद थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।
घर से 21 बोरा में मिला डोडा
गुरुवार को पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर घर की घेराबंदी की और तलाशी शुरू की। मौके पर मौजूद युवक ने अपना नाम अंकित हजाम उर्फ साजू ठाकुर (28) बताया। पूछताछ में उसने अपने भाई लालू हजाम के साथ मिलकर डोडा के अवैध कारोबार की बात स्वीकार की।
उसकी निशानदेही पर घर से कुल 21 बोरा में 330.21 किलोग्राम अफीम (डोडा) बरामद किया गया। बरामद डोडा की कीमत करीब 49.53 लाख रुपये आंकी गई है।
दूसरे आरोपी की भी गिरफ्तारी
पहले आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर लालू हजाम (31) को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ अड़की थाना में मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में कांड संख्या 07/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8(सी), 15(सी), 22(सी) और 25 के तहत कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी, सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार, कुंदन कुमार और अड़की थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
Also Read : बच्चों की लड़ाई में बड़ों की एंट्री के बाद बिगड़ा माहौल, भाजपा मंडल अध्यक्ष के भाई ने की फा’यरिंग (VIDEO)

