Ranchi : रांची के स्कूलों में परमानेंट एजुकेशन नंबर (पेन) बनाने का काम चल रहा है। लेकिन कई बच्चों का पेन नहीं बन पा रहा है, क्योंकि उनके आधार कार्ड में गलती है। स्कूल प्रबंधन बच्चों के आधार अपडेट कराने का दबाव बना रहा है, जिससे अभिभावक परेशान हैं।
रातू रोड स्थित गैलेक्सिया मॉल का आधार सेवा केंद्र बंद कर दिया गया है। वहीं, कांटाटोली के इस्टेट प्लाजा स्थित आधार केंद्र को कैटेगरी ए से बी में कर दिया गया है। इसके कारण वहां कंप्यूटर की संख्या 16 से घटकर 8 रह गई है।
केंद्र में रोज सुबह 9 बजे से ही लोगों की भीड़ लग जाती है। शाम 6 बजे तक लगभग 500 से 600 लोगों का ही काम हो पाता है। कई लोगों को बिना काम कराए वापस लौटना पड़ता है। शुक्रवार को भी लंबे इंतजार के बाद कई लोग निराश होकर चले गए।
मूरी से अपने बच्चे का आधार अपडेट कराने आईं रीता देवी ने कहा कि केंद्र के कर्मचारी सही जानकारी नहीं देते हैं। लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सरकार ने राहत देने के लिए राज्य के 11 जिलों में नए आधार सेवा केंद्र खोलने का फैसला किया है। ये केंद्र दो चरणों में शुरू होंगे। पहले चरण में देवघर, हजारीबाग, बोकारो और गिरिडीह में केंद्र खोले जाएंगे। इसके बाद अन्य छोटे जिलों में भी आधार सेवा केंद्र शुरू किए जाएंगे। इससे लोगों को दूसरे जिले नहीं जाना पड़ेगा।


