Ranchi : झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और इसका व्यापक असर पूरे राज्य में देखा जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों के लिए राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 15 और 16 जुलाई को झारखंड के विभिन्न जिलों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। लोगों को सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
15 जुलाई: इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मंगलवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, कोडरमा और हजारीबाग जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही, बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, देवघर, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज और गिरिडीह जिलों में येलो अलर्ट के तहत कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है।
16 जुलाई: नहीं मिलेगी राहत
बुधवार को भी मौसम में सुधार की कोई उम्मीद नहीं है। पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह जिलों में फिर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रांची, गढ़वा, लातेहार, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा और देवघर जिलों में येलो अलर्ट लागू रहेगा।
19 जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा
मौसम विभाग ने झारखंड के 19 जिलों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी दी है। इनमें गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, लातेहार, खूंटी, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गढ़वा, पलामू, कोडरमा, गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर, दुमका और रांची शामिल हैं।
प्रशासन और मौसम विभाग की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान निचले इलाकों और जलजमाव वाले स्थानों से बचें। आकाशीय बिजली से बचाव के लिए पेड़ों के नीचे शरण न लें। किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए उचित उपाय करने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने अलर्ट मोड में रहते हुए सभी संबंधित जिलों में निगरानी बढ़ा दी है। कोल्हान क्षेत्र में स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है।