Ranchi : झारखंड में मंगलवार सुबह से ही सूबे के लगभग हर जिले में मानसून की पहली जोरदार बारिश हुई, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। ठंडी हवाओं और तेज बारिश ने पूरे राज्य का मौसम खुशनुमा बना दिया है।
राज्य में बदला मौसम का मिजाज
मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुसार यह झारखंड में मानसून की आधिकारिक शुरुआत मानी जा रही है। तापमान में गिरावट के साथ ही उमस और गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली है।
इन जिलों में रेड अलर्ट जारी
IMD ने झारखंड के कई जिलों में अगले 24 घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, गोड्डा, दुमका, पाकुड़ और रामगढ़ में भारी बारिश के साथ-साथ तेज गरज और तूफानी हवाओं (50-60 किमी प्रति घंटा) की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में पहले से था ऑरेंज अलर्ट
रांची, गुमला और हजारीबाग जिलों में पहले से ही ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था, जहां तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने रांची, पलामू, गुमला, गिरिडीह, कोडरमा, साहिबगंज, गोड्डा और सिमडेगा जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया है। इन क्षेत्रों में भी अगले कुछ घंटों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है।
मौसम विभाग की चेतावनी
विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम के ताज़ा अपडेट पर नजर बनाए रखें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। तेज बारिश और आंधी की आशंका को देखते हुए बिजली गिरने से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Also Read : भाजपा के झूठे आरोपों की राजनीति से जनता गुमराह नहीं होगी: विनोद कुमार पांडेय