Ranchi : झारखंड में मॉनसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ता दिख रहा है। मौसम विभाग ने मंगलवार को रांची सहित 13 जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज गर्जना, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है।
जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, उनमें रांची, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो और धनबाद शामिल हैं। इन इलाकों में दिनभर रुक-रुक कर बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं के चलने की संभावना है।
30 जुलाई को भी बारिश का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार, 30 जुलाई को देवघर, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा, बोकारो, धनबाद और रामगढ़ में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
31 जुलाई और 1 अगस्त को भी बारिश की संभावना
31 जुलाई और 1 अगस्त को झारखंड के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, रांची में 3 अगस्त तक बादलों की आवाजाही और हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई इलाकों में जलजमाव और बिजली गिरने की आशंका जताई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
कहां कितनी बारिश हुई?
बीते 24 घंटे में धनबाद के पूर्वी टुंडी में सबसे ज्यादा 82 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं, रांची में 11 मिमी, देवघर में 14 मिमी, मेदिनीनगर में 3 मिमी और बोकारो में 7 मिमी बारिश हुई है।
Also Read : Aaj Ka Rashifal, 29 JULY 2025 : जानें किस राशि का क्या है आज राशिफल