Jamtara (Rajiv Jha) : चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना कर्मचारी संघ के आह्वान पर शुक्रवार को जनरल मैनेजर कार्यालय के बाहर आर.के. गेट के सामने विशाल धरना प्रदर्शन किया गया। संघ के अध्यक्ष दिनेश पाठक के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी और विभिन्न समूहों के लोग शामिल हुए। भारी बारिश के बावजूद कर्मचारियों का उत्साह कम नहीं दिखा। हजारों की संख्या में मौजूद कर्मचारियों ने “रेलवे बचाओ, सीएलडब्ल्यू बचाओ, रोजगार बचाओ” के नारे लगाए और अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन संघ के महामंत्री अनुज कुमार ने किया।
कई पदाधिकारियों ने किया संबोधित
धरना प्रदर्शन में संघ के पूर्व अध्यक्ष अमरेंद्र सिन्हा, कार्यकारिणी अध्यक्ष आशीष मुखर्जी समेत कई पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं को उठाया। वक्ताओं ने कहा कि रेलवे में लगातार पदों की कटौती की जा रही है, जिससे कर्मचारियों पर काम का दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने मांग की कि पूरे रेलवे में करीब 30 हजार पदों की कटौती तुरंत बंद की जाए। साथ ही ग्रुप डी कर्मचारियों की नियुक्ति जल्द की जाए और अप्रेंटिसशिप कर चुके युवाओं को नियुक्ति में प्राथमिकता मिले।
कर्मचारियों ने रखीं कई अहम मांगें
धरना के दौरान कर्मचारियों ने कई अन्य मांगें भी प्रशासन के सामने रखीं। इनमें वर्कशॉप में कार्यरत लैब कर्मचारियों को प्रोत्साहन भत्ता देने, रेलवे क्वार्टरों का नवीनीकरण कराने और चित्तरंजन में कानून व्यवस्था सुधारने की मांग शामिल रही। इसके अलावा बंगाल सरकार द्वारा लिए जा रहे प्रोफेशनल टैक्स को बंद करने, मैकेनिकल विभाग में ग्रेड-1 पदोन्नति जल्द करने और एसी इंस्टॉलेशन के लिए कर्मचारियों से लिए गए अतिरिक्त पैसे वापस करने की भी मांग उठाई गई।
स्थानीय मुद्दों को लेकर भी प्रशासन को चेतावनी
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने पीओएफ और पीओएच बंद करने, सीएमटी कैडर में प्रोत्साहन और फिटर ग्रेड-II से ग्रेड-I में पदोन्नति जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। धरना प्रदर्शन के जरिए कर्मचारियों ने साफ संदेश दिया कि वे अपनी मांगों को लेकर अब आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।
Also Read : झारखंड में वोटर लिस्ट अपडेट को लेकर तैयारी तेज, राजनीतिक दलों को दी गई अन-मैप्ड मतदाताओं की सूची


