Chatra : झारखंड के चतरा जिले में हंटरगंज पुलिस को वाहन चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार देर शाम पांडेपूरा मस्जिद के पास चलाए गए चेकिंग अभियान में पुलिस ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, हंटरगंज पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर पड़ी। पुलिस ने बाइक को रोककर उस पर लदे बोरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बोरे में अवैध अंग्रेजी शराब मिली, जिसके बाद बाइक सवार को तुरंत हिरासत में लेकर थाना लाया गया।
बिहार में सप्लाई के लिए जा रही थी शराब
बुधवार को पुलिस इंस्पेक्टर विपिन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रतापपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव निवासी 30 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी बिहार में शराब की सप्लाई करने का काम करता था और इसी मकसद से शराब लेकर जा रहा था।
96 बोतल शराब, बाइक और मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से अलग-अलग कंपनियों के चार कार्टन में रखी 96 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इसके अलावा JH 13F 3586 नंबर की मोटरसाइकिल और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की मेडिकल जांच कराने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में चतरा जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं। इस छापेमारी अभियान में पुलिस इंस्पेक्टर विपिन कुमार, थाना प्रभारी प्रभात कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार दुबे समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
Also Read : पूर्व विधायक के निजी सहायक पर तलवार से ह’मला, अस्पताल में इलाज जारी


