Ramgarh : जिले के हेसला स्थित झारखंड इस्पात प्लांट प्राइवेट लिमिटेड में सोमवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। प्लांट में फर्नेस फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आकर वहां काम कर रहे नौ मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। धमाके के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए कामकाज ठप हो गया।
तेज धमाके से दहशत, प्लांट में मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के इलाके में भी इसकी आवाज सुनाई दी और लोग दहशत में आ गए। घटना के तुरंत बाद प्लांट में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
90% तक झुलसे मजदूर, रांची रेफर
हादसे के बाद सभी घायलों को रांची रोड स्थित द हॉप अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक सात मजदूर 80 से 90 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं और उनकी हालत बेहद गंभीर है। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची के देवकमल अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घायलों में अखिला राय, बृजलाल बेदिया, राजबालन यादव, महेश महतो, अशोक बेदिया, राजू झा (पंडित जी), छोटू साव, सुरेश बेदिया और इशया शामिल हैं।
तकनीकी खराबी या लापरवाही, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर हादसे की वजह फर्नेस में तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी मानी जा रही है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आएगा।
प्लांट सील, गतिविधियां रोकी गईं
एहतियात के तौर पर प्लांट का मुख्य गेट बंद कर दिया गया है और अंदर की सभी गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद मजदूरों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्लांट प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन सही तरीके से होता, तो यह हादसा टाला जा सकता था।
Also Read : चांडिल में नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में माल जब्त


