Chaibasa : झारखंड के चाईबासा जिले में पुलिस ने अफीम तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई टेबो थाना क्षेत्र के रोगोद गांव में की गई। टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमार मारांडी के नेतृत्व में चलाए गए सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने 20 किलो पोस्ता, दो बाइक और 7 लाख रुपये नकद बरामद किए। पुलिस को सूचना मिली थी कि रोगोद गांव में कुछ लोग अफीम की खरीदारी करने आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जंगल इलाके में जाल बिछा दिया। जैसे ही तस्कर मौके पर पहुंचे, पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। हालांकि आरोपी भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने दौड़ाकर उन्हें दबोच लिया।
तीनों आरोपियों को भेजा गया जेल
गिरफ्तार आरोपियों में रोगोद गांव निवासी बुद्धनाथ पूरती (38), सोमा हास्सा पूरती (26) और कोटागढ़ा गांव निवासी मांगरा हुनी पूरती (22) शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 27(a), 28 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमार मारांडी ने बताया कि एसपी के निर्देश पर इलाके में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जंगलों में छिपकर होती है अफीम खेती
जानकारी के मुताबिक टेबो थाना क्षेत्र का बड़ा हिस्सा जंगलों से घिरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि कई ग्रामीण जंगलों में छिपकर अफीम की खेती करते हैं और तस्करी से जुड़े नेटवर्क सक्रिय रहते हैं।
Also Read : पलामू में लेवी के लिए हाइवा जलाने वाला अपराधी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल


