Palamu: पलामू जिले में आसमान से गिरी आफत ने चार लोगों की जान ले ली। पांकी और पाटन प्रखंड में अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में एक ही परिवार की तीन महिलाओं सहित कुल चार लोगों की मौत हो गई। इन हादसों के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पांकी प्रखंड के केकरगढ़ पंचायत के जोल्हबिघा गांव में धान की रोपाई के दौरान खेत में काम कर रहीं तीन महिलाओं पर अचानक बिजली गिर गई। मृतकों की पहचान ओकीदा खातून (34), रेशमी बीवी (35) और राजवी बीवी (40) के रूप में हुई है। राजवी बीवी अपने मायके आई हुई थीं और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खेत में काम कर रही थीं। तेज गर्जना के साथ गिरी बिजली ने तीनों की मौके पर ही जान ले ली।
एक अन्य घटना पाटन प्रखंड के नावाडीह भुड़वा गांव में हुई, जहां 32 वर्षीय निरंजन मेहता की मौत खेत में काम करने के दौरान हो गई। वह धान का बिचड़ा ढो रहे थे, तभी अचानक बिजली गिरने से उनकी मृत्यु हो गई। निरंजन अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें से एक बेटी मात्र डेढ़ साल की है।
इसी बीच तरहसी प्रखंड की पाठकपगार पंचायत से एक और घटना सामने आई है। पंचायत समिति के पूर्व सदस्य विनायक साव की पत्नी पुष्पा देवी महुआ के पेड़ के नीचे थीं, जहां बारिश से बचने के लिए चार बकरियां खड़ी थीं। संयोगवश कुछ ही समय पहले वह घर चली गईं और उसी दौरान पेड़ पर बिजली गिर गई, जिससे चारों बकरियों की मौत हो गई। इससे लगभग 80 हजार रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
प्रशासन ने सभी प्रभावित परिवारों को राहत सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।