Simdega : सिमडेगा में DC कंचन सिंह ने गुरुवार को गोपनीय कार्यालय में जनता दरबार लगाया, जहां जिले के अलग-अलग और दूर-दराज के इलाकों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। DC ने हर आवेदन को गंभीरता से लिया और संबंधित विभागों को भेजते हुए साफ निर्देश दिया कि सभी मामलों का समय पर और सही तरीके से समाधान किया जाए।
जमीन और राजस्व के मामलों की रही भरमार
जनता दरबार में सबसे ज्यादा शिकायतें जमीन और राजस्व से जुड़ी आईं। लोगों ने बिना ग्राम सभा के सरना घेराबंदी, खरीदी गई जमीन पर खेती में बाधा, सीमांकन, ऑनलाइन भूमि रिकॉर्ड और अवैध कब्जा हटाने जैसे मुद्दे उठाए। इसके अलावा धोखाधड़ी के मामलों में पैसा वापस दिलाने, जाति प्रमाण पत्र बनाने, ऑनलाइन लगान रसीद और होमगार्ड भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने की मांग भी सामने आई।
पानी, सड़क और बिजली को लेकर भी उठी आवाज
ग्रामीणों ने हर घर जल योजना के तहत जल मीनार की मरम्मत, नलकूप और नल-जल योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी। साथ ही कई लोगों ने सड़क, पुल और बिजली से जुड़ी समस्याएं भी बताईं। एक मामला ऐसा भी आया, जिसमें अंबेडकर आवास योजना के तहत बने घर को जेसीबी से तोड़े जाने की शिकायत की गई।
दिव्यांग महिला की अपील ने किया भावुक
जनता दरबार के दौरान जलडेगा प्रखंड की अनीता हेरेंज ने अपनी दर्दभरी कहानी सुनाई। उन्होंने बताया कि वह दिव्यांग हैं और बेहद गरीबी में जीवन गुजार रही हैं। उनके भाई-भाभी भी बच्चों को छोड़कर पलायन कर गए हैं। अनीता ने अपने और अपनी भतीजी के लिए रहने की व्यवस्था और बच्ची की पढ़ाई के लिए मदद मांगी। उनकी बात सुनकर माहौल भावुक हो गया। DC ने तुरंत संबंधित अधिकारियों को जरूरी मदद देने का निर्देश दिया।
DC ने दिया भरोसा, हर समस्या का होगा समाधान
DC कंचन सिंह ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर मामले का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। जनता दरबार में नजारत उप समाहर्ता, सदर BDO और अंचलाधिकारी भी मौजूद रहे।
Also Read : महिला के चेहरे पर कालिख पोतने का मामला पकड़ा तूल, आदिवासी समुदाय ने आरोपियों के घर में की तोड़फोड़

