Ranchi : रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस कांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की कुमार और किशन कुजूर के रूप में हुई है। दोनों की निशानदेही पर चोरी गया सामान और नकदी भी बरामद कर ली गई है।
1 अप्रैल को दर्ज हुआ था केस
लालपुर थाना कांड संख्या 54/26, दिनांक 1 अप्रैल 2026 को धारा 331(3)/305(a) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि चोरों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और 31 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया था।
एसएसपी के निर्देश पर बनी छापामारी टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के आदेश पर पुलिस अधीक्षक नगर रांची ने कांड के उद्भेदन के लिए वरीय पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया। टीम ने जांच के दौरान इलाके के CCTV फुटेज खंगाले। इसी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और फिर छापेमारी कर पहले विक्की कुमार को गिरफ्तार किया गया।
विक्की की निशानदेही पर किशन भी पकड़ा गया
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार विक्की कुमार की निशानदेही पर उसके साथी किशन कुजूर को भी दबोच लिया गया। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों अप्राथमिकी अभियुक्त हैं, लेकिन पूछताछ में इनकी भूमिका साफ हो गई।
क्या-क्या बरामद हुआ
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का सामान और नकदी बरामद की है। बरामद सामानों में शामिल हैं:
- गणेश छाप चौकोर चांदी का सिक्का 1 पीस
- लक्ष्मी गणेश का सिक्का 1 पीस
- लक्ष्मी गणेश का चांदी का सिक्का 1 पीस
- छोटे चांदी के सिक्के 2 पीस
- चांदी की बिछिया 6 पीस
- चांदी की एक जोड़ी पायल
- 17,296 रुपये नकद
दोनों आरोपी मोराबादी-एदलहातु इलाके के रहने वाले
गिरफ्तार विक्की कुमार, उम्र 23 वर्ष, एदलहातु मोराबादी के नियर पोस्ट ऑफिस, थाना बरियातु का रहने वाला है। वहीं किशन कुजूर, उम्र करीब 22 वर्ष, एदलहातु मोराबादी रोड नंबर 7, नियर पोस्ट ऑफिस, थाना बरियातु का निवासी है।
विक्की पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक विक्की कुमार का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ बरियातु, गोन्दा, लोअर बाजार और रातु थाना में पहले से कई मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े कांड शामिल हैं।
वहीं किशन कुजूर के खिलाफ भी बरियातु थाना में पहले से एक मामला दर्ज है।
छापामारी दल में ये अधिकारी थे शामिल
इस कार्रवाई में लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह के साथ सुनील पासवान, उत्तम कुमार, आशीष कुमार, सुनील मुर्मू, मुकेश उरांव और अजय कुमार शामिल थे।
पुलिस की कार्रवाई से इलाके में राहत
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच लालपुर पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है। खास बात यह रही कि इस पूरे मामले में CCTV फुटेज सबसे अहम सुराग साबित हुआ, जिसके सहारे पुलिस सीधे आरोपियों तक पहुंच गई।
Also Read : पलामू में झोलाछाप डॉक्टर का खेल खत्म, क्लिनिक और प्रसव केंद्र सील

