Khunti : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने मंगलवार को झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में सरकारी नौकरियां 25 से 30 लाख रुपये में उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को बेची जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड के आदिवासी आर्थिक रूप से कमजोर हैं, इसलिए वे इन नौकरियों से वंचित हो रहे हैं।
कोचे मुंडा तोरपा प्रखंड मुख्यालय में आयोजित भाजपा के आक्रोश प्रदर्शन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इससे पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर भवन से प्रखंड कार्यालय तक जोरदार जुलूस निकाला और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। यह जुलूस बाद में एक सभा में परिवर्तित हो गया।
सभा को संबोधित करते हुए कोचे मुंडा ने कहा कि हेमंत सरकार हर मोर्चे पर विफल है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने आदिवासियों की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के बजाय भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। कोचे ने दावा किया कि “बांग्लादेशी लोग झारखंड की आदिवासी लड़कियों से शादी कर उनकी जमीनें हथिया रहे हैं और फिर उनकी हत्या कर दी जाती है।”
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के सरकारी कार्यालयों में बिना रिश्वत के कोई भी काम संभव नहीं है। वृद्धावस्था पेंशन और विधवा सम्मान राशि जैसी योजनाएं ठप हैं, और राज्य सरकार केंद्र सरकार द्वारा दी गई विकास राशि का भी समुचित उपयोग नहीं कर पा रही है।
भाजपा नेता ने कहा कि उनकी पार्टी लगातार आम जनता की आवाज उठा रही है और राज्य की बदहाल स्थिति के खिलाफ संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर राज्य सरकार की कार्यशैली में बदलाव नहीं आया, तो भाजपा आंदोलन और तेज करेगी। भाजपा नेताओं ने कहा कि झारखंड की जनता बदलाव चाहती है और पार्टी उनके साथ खड़ी है।
सभा को जिला उपाध्यक्ष कृपा सिंधु बेहरा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संतोष जयसवाल, शशांक शेखर राय, दीपक तिग्गा, कृष्णा भगत, सुबोध गुप्ता, विनोद धान और गंदौरी गुड़िया सहित कई भाजपा नेताओं ने भी संबोधित किया।
Also Read : हजारीबाग में उग्रवादियों का तांडव, जेसीबी-हाईवा सहित 6 गाड़ियों को ज’ला डाला