Ranchi : झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है। खूंटी, लोहरदगा और रांची समेत कई जिलों में रात के समय ठंड बढ़ने लगी है। पिछले 24 घंटे में इन इलाकों का न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 2 से 3 दिनों में तापमान और गिरकर 9 से 10 डिग्री तक जा सकता है। यानी नवंबर के दूसरे हफ्ते में ही झारखंड में ठिठुरन भरी सर्दी महसूस होगी।
15 नवंबर से बढ़ेगी ठंड
रांची मौसम केंद्र के मुताबिक, अब राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है। उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं चलने लगी हैं, जो ठंड बढ़ने का संकेत है। विभाग ने बताया कि 15 नवंबर तक झारखंड में दिन में हल्की धूप, सुबह के समय घना कोहरा और रात में कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
बुधवार को मुख्य शहरों का तापमान और वायु गुणवत्ता (AQI)
राज्य के प्रमुख शहरों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रांची में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 112 रहा, जो ‘मध्यम श्रेणी’ में आता है। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहा। शहर का AQI 171 दर्ज किया गया है, जो ‘खराब श्रेणी’ में है। धनबाद में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि यहां की वायु गुणवत्ता 146 रही, जो ‘मध्यम से खराब’ श्रेणी में मानी जाती है। बोकारो में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां का AQI स्तर 120 रहा, जो ‘मध्यम श्रेणी’ में है।

इन जिलों में रहें सावधान
खूंटी, लोहरदगा, डालटेनगंज, रांची और लातेहार के लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इन जिलों में अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री तक और गिर सकता है। शाम के समय गर्म कपड़े जरूर पहनें और ठंडी हवाओं से बचाव करें।
सुबह कोहरे से रहें सतर्क
आज सुबह 7 बजे तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने सुबह यात्रा या वॉक पर निकलने वालों को चेतावनी दी है कि वे गर्म कपड़े पहनें, क्योंकि सुबह के समय ठंड ज्यादा रहती है। ऐसे में सभी को सतर्क और सुरक्षित रहने की जरूरत है।
Also Read : रामरेखा धाम के कार्तिक पूर्णिमा मेले को मिल गया राजकीय मेला का दर्जा, DC-SP ने किया शुभारंभ

