पलामू : लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में अगस्त 2025 में मिले एक अज्ञात शव की पहचान को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. जिस शव को झारखंड पुलिस के जवान विजय उरांव का मानकर उनके परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया था, वह वास्तव में सतबरवा के कमरू गांव निवासी सुदामा भूइयां का था.
फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की डीएनए जांच रिपोर्ट से इसकी पुष्टि हुई है.
दो परिवारों के दावे के बाद डीएनए जांच के लिए भेजे गए थे सैंपल
22 अगस्त 2025 को लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में एक अज्ञात शव मिला था. चियांकी निवासी पुलिसकर्मी विजय उरांव के परिजनों ने शव की पहचान विजय के रूप में की थी, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया. हालांकि, बाद में सतबरवा के कमरू गांव की मंजू देवी थाने पहुंचीं और शव को अपने लापता पति सुदामा भूइयां का बताया. दो परिवारों के दावों के बाद पुलिस ने सितंबर 2025 में शव के बिसरा और डीएनए सैंपल जांच के लिए एफएसएल भेजे थे.
लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने डीएनए रिपोर्ट की पुष्टि करते हुए बताया कि शव सुदामा भूइयां का था. रिपोर्ट आने के बाद पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई और जांच नए सिरे से करेगी.
गौरतलब है कि मुसाबनी में तैनात जवान विजय उरांव 8 अगस्त 2025 को देवघर श्रावणी मेला ड्यूटी के दौरान रेलवे स्टेशन से लापता हो गए थे. वहीं, सुदामा भूइयां 19 अगस्त से लापता थे और उनकी गुमशुदगी सतबरवा थाने में दर्ज कराई गई थी.
शव की गलत पहचान के कारण जवान विजय उरांव के परिवार को मिलने वाली सहायता राशि भी अटक गई थी. डीएनए रिपोर्ट से स्पष्ट हो गया है कि विजय उरांव का अब तक कोई पता नहीं चला है. परिजन अब उनकी तलाश तेज करने के लिए वरीय पुलिस अधिकारियों से मिलने की तैयारी में हैं.
No comments yet. Be the first to comment!