Jamtara (Rajiv Jha) : जामताड़ा जिले के बागडेहरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया। चरवाहों की सूचना पर मुडाबेड़िया आश्रम से कुछ सौ मीटर दूर सुनसान जगह पर स्थित एक कुएं से पुलिस ने एक व्यक्ति और दो नाबालिग बच्चों के शव बरामद किए। शव संदिग्ध स्थिति में थे और सड़ी-गली हालत में पाए गए।
शवों की पहचान और आधार कार्ड से मिली जानकारी
प्रारंभिक जांच में पुलिस को शव के पास से एक आधार कार्ड मिला। कार्ड में मृतक व्यक्ति का पता मुरगाथल, राजनगर, जिला विरभूम, पश्चिम बंगाल अंकित है। पुलिस फिलहाल हत्या के एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है। शवों के मिलने की सूचना राजनगर थाना पुलिस को भी दे दी गई है ताकि शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
शवों की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया गया समय
कुएं से बरामद शवों की स्थिति देखकर पुलिस का अनुमान है कि तीनों की मौत करीब तीन से चार दिन पहले हुई होगी। शवों की हालत काफी बिगड़ी हुई थी, जिससे मामला और भी गंभीर नजर आ रहा है।
पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा
पुलिस ने शनिवार को शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण और हत्या के पीछे की साजिश का पता चल सकेगा। बागडेहरी थाना प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए तफ्तीश में जुटे हुए हैं। आसपास के इलाकों में पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
Also Read : चतरा में कोर्ट से लौटते समय हुई ह’त्या, चार राउंड गो’लियों से युवक की गई जा’न

