Jamshedpur : जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में रियल एस्टेट के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी करने वाले बिल्डर अजय अग्रवाल को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने फर्जी जमीन के कागजात दिखाकर लोगों को फ्लैट देने का झांसा दिया और करीब 40 करोड़ रुपये की ठगी कर फरार हो गया था।
कई राज्यों में छिपता रहा आरोपी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अजय अग्रवाल लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस को चकमा देता रहा। वह कभी गुजरात के वापी, कभी हैदराबाद और कभी इंफाल में छिपकर रह रहा था। काफी दिनों तक पीछा करने के बाद साकची पुलिस ने उसे रांची के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया।
कोर्ट में पेशी के बाद भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जमशेदपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे साकची जेल भेज दिया गया। निचली अदालत ने उसकी जमानत अर्जी भी खारिज कर दी है। सूत्रों के अनुसार, अजय अग्रवाल एमजीएम अस्पताल में भर्ती होने की लगातार कोशिश कर रहा है, लेकिन मेडिकल जांच में उसे पूरी तरह फिट पाया गया है। ऐसे में उसकी कोशिशें सफल नहीं हो पा रही हैं। यह भी सामने आया है कि शहर के एक आपराधिक गिरोह की नजर आरोपी पर बनी हुई है। ऐसे में उसकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
कई थानों में दर्ज हैं मामले
अजय अग्रवाल के खिलाफ साकची, आदित्यपुर और सरायकेला थानों में जालसाजी और ठगी के कई मामले दर्ज हैं। उसने “ग्रीन वाटिका हाउसिंग प्रोजेक्ट” के नाम पर लोगों को घर देने का सपना दिखाया और उनकी मेहनत की कमाई हड़प ली। इस मामले के सामने आने के बाद पीड़ितों में काफी आक्रोश है और वे सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Also Read : धनबाद कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, चौथी बार मेल से मची दहशत


