Palamu : पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लठैया के गम्हरिया गांव में एक दामाद ने अपनी पत्नी को घर ले जाने के विवाद में ससुराल वालों पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में ससुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी और साली गंभीर रूप से घायल हो गईं। आरोपी दामाद फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
मृतक की पहचान सुनील यादव के रूप में हुई है। आरोपी लवकुश यादव हैदरनगर थाना क्षेत्र के सोबा बरेवा का निवासी है। जानकारी के अनुसार, लवकुश यादव की शादी तीन साल पहले गम्हरिया गांव निवासी सुनील यादव की बेटी रीता देवी (23) से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच संबंध बिगड़ गए थे। लवकुश यादव दूसरे राज्य में काम करता था, जबकि रीता देवी अपने डेढ़ साल के बच्चे के साथ मायके में रह रही थी।
लवकुश यादव काम से लौटकर जपला रेलवे स्टेशन से ट्रेन से उतरा और सीधे ससुराल पहुंचा। उसने पत्नी रीता देवी से अपने साथ घर जाने की जिद की, लेकिन रीता ने मना कर दिया। इससे दोनों के बीच तीखी बहस हुई और कहासुनी बढ़ गई। गुस्से में आकर लवकुश ने चाकू से रीता पर हमला कर दिया। बीच-बचाव में आए ससुर सुनील यादव को आरोपी ने पेट में चाकू मार दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान साली कविता कुमारी भी बहन और पिता को बचाने पहुंची, लेकिन लवकुश ने उसे भी चाकू से घायल कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घायल रीता देवी और कविता कुमारी को प्राथमिक उपचार के बाद मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मेदिनीनगर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले में हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी लवकुश यादव की तलाश शुरू कर दी है। जांच में घटना के कारणों और पूर्व विवादों की पड़ताल की जा रही है।
Also Read : रांची में निकाय चुनाव की तैयारी तेज, 909 मतदान केंद्रों के लिए 800 गाड़ियों का होगा इस्तेमाल


