
Dhanbad : झारखंड के जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने धनबाद मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ धनबाद थाना प्रभारी आरएन ठाकुर और डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम भी मौजूद रहे। आईजी ने जेल परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं और कैदियों की स्थिति का जायजा लिया। आईजी सुदर्शन मंडल ने बताया कि यह निरीक्षण एक रूटीन प्रक्रिया के तहत किया गया है। उन्होंने कहा कि मई 2025 से लागू हुए नए जेल मैन्युअल और 131 साल बाद बदले गए नए एक्ट के तहत कैदियों के लिए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।
कैदियों को सप्ताह में तीन दिन मांसाहारी भोजन
आईजी ने जानकारी दी कि कैदियों को अब सप्ताह में तीन दिन मांसाहारी भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही सभी कैदियों का नियमित मेडिकल चेकअप और स्क्रीनिंग की जाएगी, ताकि किसी भी स्वास्थ्य समस्या का समय रहते उपचार किया जा सके।
नए कैदियों के लिए 10 बिंदुओं का मानक
उन्होंने बताया कि जेल में आने वाले नए कैदियों को 10 बिंदुओं पर आधारित मापदंडों को पूरा करना अनिवार्य होगा। इन्हीं मानकों के आधार पर कैदियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा की जांच की जाएगी।
जेल प्रशासन को दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान आईजी सुदर्शन मंडल ने जेल प्रशासन को नए नियमों और निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि कैदियों की देखभाल और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए समय-समय पर सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
Also Read : साइबर अपराधियों को असम से हो रही थी अवैध सिमकार्ड की सप्लाई, पुलिस ने किया भंडाफोड़