New Delhi : नई दिल्ली में शनिवार को PM नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की 10वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक हुई। बैठक का विषय था ‘विकसित राज्य के लिए विकसित भारत@2047’। इस अवसर पर PM मोदी ने कहा कि अगर केंद्र और राज्य मिलकर टीम इंडिया की तरह काम करें, तो कोई भी लक्ष्य पाना मुश्किल नहीं है।
PM ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना हर भारतीय का सपना है। जब हर राज्य विकसित होगा, तभी भारत विकसित बनेगा। यह 140 करोड़ नागरिकों की आकांक्षा है। उन्होंने विकास की गति को तेज करने की जरूरत पर भी बल दिया। PM मोदी ने शहरीकरण का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में तेजी से शहरों का विकास हो रहा है। इसलिए हमें भविष्य के लिए तैयार शहर बनाने चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास, नवाचार और स्थिरता हमारे शहरों के विकास का आधार होना चाहिए।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने राज्यों से अपील की कि वे कम से कम एक पर्यटन स्थल को वैश्विक स्तर का बनाएं। इससे उस राज्य और आस-पास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।
महिलाओं की भागीदारी पर PM मोदी ने कहा कि हमें कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सम्मानजनक नीतियां बनानी होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि नीतियों का असर लोगों के जीवन में दिखना चाहिए, तभी असली बदलाव होता है। अंत में उन्होंने कहा कि एक टीम के रूप में हमें 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। अगर सभी राज्य, शहर और गांव मिलकर आगे बढ़ेंगे, तो यह लक्ष्य जल्दी हासिल हो सकता है।
Also Read : बिना रजिस्ट्रेशन पेट शॉप और डॉग ब्रीडिंग सेंटर के संचालन पर होगी कार्रवाई