विधायकों की अनुशंसा पर खोले जाएंगे धान क्रय केंद्र : हेमंत

Joharlive Team

रांची। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गुरूवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घोषणा की है कि विधायकों की अनुशंसा पर प्रदेश में धान क्रय केंद्र खोले जाएंगे।

प्रश्नोत्तरकाल की कार्यवाही के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा के दीपक बिरूआ के एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि विधायकों की अनुशंसा पर धान क्रय केंद्र खोले जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सभी जिलों के उपायुक्तों को आदेश दे दिया गया है।

आजसू पार्टी विधायक लंबोदर महतो के एक ध्यानाकर्षण सूचना के दौरान संसदीय कार्यमंत्री आलमगीर आलम ने बताया कि पंचायत चुनाव कराने के पहले कई तैयारियां जरूरी होती है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से इस दिशा में आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। राज्य निर्वाचन आयुक्त की नियुक्ति कर दी गयी है, मतदाता सूची के नवीकरण और पुनरीक्षण के अलावा पंचायतों तथा वार्ड का परिसीमन समेत अन्य कार्यों को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इसी साल के अंत तक त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव करा लिये जाएंगे।

इसे पहले आजसू विधायक लंबोदर महतो ने यह विषय उठाते हुए कहा कि पंचायत चुनाव के प्रतिनिधियों का कार्यकाल समाप्त हो गया है जिससे कई तरह की विकास योजनाएं बाधित हो रही हैं। काम सही से नहीं हो पा रहा है, पंचायत चुनाव आखिर सरकार कब तक करायेगी।