Ranchi : झारखंड में गर्मी अब लोगों की सहनशक्ति की परीक्षा लेने लगी है। सुबह होते ही तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा जैसा माहौल दिख रहा है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में इसमें 0.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है।राज्य में सबसे ज्यादा गर्मी मेदिनीनगर में रिकॉर्ड की गई। यहां का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। हालांकि पिछले 24 घंटे में तापमान में 0.8 डिग्री की हल्की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी कम नहीं होने दी। वहीं बोकारो में तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस रहा। चाईबासा में 39.4 डिग्री और जमशेदपुर में 38.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
कई जिलों में लू चलने की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक 23 और 24 मई को पलामू, गढ़वा, चतरा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में लू चलने की संभावना है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवा लोगों को ज्यादा परेशान कर सकती है। इसके अलावा रांची, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, हजारीबाग और कोडरमा में भी तापमान बढ़ने से उमस और गर्मी का असर महसूस होगा।
दोपहर बाद बदल सकता है मौसम
भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में राहत की भी संभावना जताई है। विभाग के अनुसार कई जगहों पर दोपहर बाद बादल छा सकते हैं और हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।
तेज हवा और वज्रपात का भी अलर्ट
24 और 25 मई को बोकारो और धनबाद समेत उत्तर-पूर्वी झारखंड के कुछ इलाकों में तेज गर्जन, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की आशंका है। वहीं राज्य के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की अपील की है।


