Ranchi : झारखंड में भीषण गर्मी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजधानी रांची से लेकर जमशेदपुर, डाल्टनगंज, साहिबगंज और गोड्डा जैसे जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। गर्म हवाओं और उमस भरे मौसम ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।
राहत की कोई उम्मीद नहीं
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब पूरी तरह से कमजोर पड़ चुका है। झारखंड में इस समय कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है, जिससे आने वाले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना न के बराबर है। इसका सीधा असर तापमान पर पड़ रहा है और गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है।
सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने झारखंड के कई जिलों में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। रांची, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, डाल्टनगंज, गोड्डा, साहिबगंज, बोकारो, धनबाद, कोडरमा और गिरिडीह के निवासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है, क्योंकि इस दौरान लू चलने की संभावना सबसे अधिक है।
तापमान कहां तक जा सकता है?
मिली जानकारी के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, डाल्टनगंज, साहिबगंज और गढ़वा जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इन क्षेत्रों में लू चलने की प्रबल संभावना है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां भी बढ़ सकती हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह :
- दोपहर के समय घर से बाहर न निकलें
- हल्के और सूती कपड़े पहनें
- भरपूर मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लें
- बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें
Also Read : कुख्यात संदीप थापा और बिट्टू सिंह गिरफ्तार, हथियार और जमीन के फर्जी दस्तावेज जब्त