Ranchi : झारखंड तंजीम की ओर से राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत वृद्ध और जरूरतमंद नागरिकों को निशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। यह कार्यक्रम रांची महानगर कार्यालय, थर्ड स्ट्रीट हिंद पीढ़ी में आयोजित हुआ। इस अवसर पर कुल 70 लोगों के बीच व्हीलचेयर, कान की मशीन, कमर बेल्ट, कुशन, घुटना बेल्ट और छड़ी का वितरण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुफ्ती कमरे आलम ने कुरान की तिलावत से की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और विशिष्ट अतिथि के रूप में शमशेर आलम, उपाध्यक्ष झारखंड अल्पसंख्यक आयोग, उपस्थित रहे।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड तंजीम जरूरतमंदों की मदद के लिए सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा सबसे बड़ा पुण्य है और झारखंड स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश में दूसरा स्थान प्राप्त कर चुका है। उन्होंने बताया कि जल्द ही राज्य के सभी जिलों में रिहैब सेंटर खोले जाएंगे, जहां दिव्यांगों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

इस मौके पर शमशेर आलम ने कहा कि झारखंड तंजीम हमेशा से शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय रही है। संस्था द्वारा दिव्यांग और जरूरतमंद लोगों की सहायता का यह प्रयास सराहनीय है।
कार्यक्रम में अरशे आलम (पप्पू), तनवीर आलम, फहीमुद्दीन सरवर, मुफ्ती कमरे आलम, कारी अंसार उल्लाह, महबूब हुसैन, बंटी, अतिकुर रहमान, पूर्व पार्षद जमील अख्तर, एजाज आलम, शाहबाज आलम समेत कई लोग उपस्थित थे। इसकी जानकारी झारखंड तंजीम के प्रवक्ता डॉ. फिरोज अहमद ने दी।