Hazaribagh : एसपी अमन कुमार के निर्देश पर हजारीबाग पुलिस लगातार गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान चला रही है। इसी क्रम में 08 जून को CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुम हुए पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए।
बरामद मोबाइल फोन को संबंधित मोबाइल धारकों को हजारीबाग पुलिस द्वारा विधिवत सुपुर्द किया गया। लंबे समय से अपने मोबाइल खोने के कारण परेशान लोगों को जब उनका फोन वापस मिला तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। मोबाइल धारकों ने इसके लिए हजारीबाग पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि CEIR पोर्टल गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रैक करने और बरामद करने में काफी प्रभावी साबित हो रहा है। पोर्टल के माध्यम से मोबाइल की लोकेशन और उपयोग की जानकारी जुटाकर पुलिस ने इन मोबाइलों को खोज निकाला।
हजारीबाग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन गुम हो जाता है या चोरी हो जाता है तो वे तुरंत नजदीकी थाना में सूचना देने के साथ-साथ CEIR पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराएं। इससे मोबाइल की ट्रैकिंग और बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है।
एसपी अमन कुमार ने कहा कि आम लोगों की संपत्ति की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए आगे भी विशेष अभियान जारी रहेगा ताकि लोगों को जल्द से जल्द उनका सामान वापस मिल सके।
Also Read : एसपी ने सुनी आत्मसमर्पित नक्सलियों की समस्याएं, रोजगार और पुनर्वास पर दिया जोर


