Giridih : गिरिडीह में गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश पर्व बड़े श्रद्धा भाव से मनाया जा रहा है। गुरुवार सुबह पंजाबी मोहल्ला स्थित गुरुद्वारा साहिब से प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में सिख संगत और स्थानीय लोग शामिल हुए। फेरी मकतपुर चौक, जिला परिषद चौक और टावर चौक होते हुए बक्सीडीह के एक सिख परिवार के घर पर समाप्त हुई। पूरे मार्ग में “धन गुरु नानक प्यारे” और “कौन जाने गुण सतगुरु तेरे” के कीर्तन की आवाजें गूंजती रहीं।
30 अक्टूबर से शुरू हुए कार्यक्रम 5 नवंबर तक चलेंगे। 4 नवंबर को नगर कीर्तन निकाला जाएगा, जिसमें गुरु ग्रंथ साहिब की अगुवाई में पंज प्यारे, निशान साहिब और विभिन्न जत्थे शामिल होंगे। झांकियां, कीर्तन और संगतों की सहभागिता नगर कीर्तन को भव्य बनाएगी। 5 नवंबर को मुख्य कार्यक्रम के रूप में गुरु नानक जयंती मनाई जाएगी। इस दिन विशेष कीर्तन दरबार, शबद-संकीर्तन, अरदास और गुरु का लंगर आयोजित किया जाएगा।
प्रभात फेरी के समापन स्थल पर संगतों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। महिला संगतों ने शब्द-कीर्तन और अरदास का आयोजन किया। आयोजकों ने लोगों से गुरु नानक देव जी के उपदेशों, मानवता, एकता और सेवा के संदेश को अपनाने का आह्वान किया। श्रद्धालुओं ने इस अवसर पर गुरु नानक के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Also Read : बिहार विस चुनाव 2025 : NDA आज जारी करेगा अपना घोषणापत्र
Also Read : मंदिर पहुंचते ही खुल गई फर्जी IPS अधिकारी की पोल, पुलिस ने किया गिरफ्तार

