Jamshedpur : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह लाइन नंबर दस में आज भोरे-भोर एक महिला से बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने सोने की चेन झपट कर छीन ली। घटना पूजा करने जा रही पीड़िता के साथ तब हुई, जब वह अपने घर के पीछे स्थित गणेश मंदिर में जा रही थीं। पीड़िता अनिता चौधरी ने बताया कि वह सुबह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर की ओर जा रही थीं। तभी पीछे से तेज रफ्तार में एक बाइक पर सवार दो युवक आए। पीछे बैठे युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपटा मारकर ले ली और दोनों अपराधी बाइक से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि अनिता शोर भी नहीं कर सकीं।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना स्थल पर पहुंची साकची थाना पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने यह भी कहा कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने पहले से इलाके की रेकी की थी। बताया जा रहा है कि छिनी गई चेन का वजन लगभग एक तोला है। पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और गवाहों की मदद से अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
Also Read : धनबाद–यशवंतपुर के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन सेवा शुरू


