Ranchi : रांची समेत झारखंड के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब पासपोर्ट बनवाने के लिए बार-बार दफ्तर के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) रांची ने मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा शुरू की है, जिससे लोगों को उनके नजदीक ही पासपोर्ट से जुड़ी सुविधाएं मिल सकेंगी। यह सुविधा खासकर उन लोगों के लिए काफी फायदेमंद मानी जा रही है, जो दूरदराज इलाकों में रहते हैं या किसी संस्थान, कैंपस या समूह के तौर पर पासपोर्ट सेवा लेना चाहते हैं।
मोबाइल वैन में ही होगी पूरी प्रक्रिया
यह कोई सिर्फ सूचना देने वाली वैन नहीं है। इस मोबाइल वैन में पासपोर्ट आवेदन से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाएं मौके पर ही पूरी की जा सकेंगी। दस्तावेज जांच, बायोमेट्रिक और आवेदन प्रक्रिया जैसी सुविधाएं इसी वैन के जरिए उपलब्ध होंगी। यानी अगर आपके इलाके में यह वैन पहुंचती है, तो पासपोर्ट सेवा केंद्र जाने की झंझट काफी हद तक खत्म हो सकती है। सबसे राहत वाली बात यह है कि इस सुविधा के लिए अलग से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। आवेदकों को सामान्य पासपोर्ट आवेदन शुल्क ही देना होगा। इससे लोगों को सुविधा तो मिलेगी ही, खर्च का बोझ भी नहीं बढ़ेगा।
किन लोगों को मिलेगा ज्यादा फायदा
इस नई सेवा से सबसे ज्यादा फायदा छात्रों, बुजुर्गों, दूरदराज गांवों के लोगों और उन संस्थानों को होगा जहां एक साथ कई लोग पासपोर्ट बनवाना चाहते हैं। हाल के दिनों में रांची क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने ऐसे कैंप आधारित आउटरीच कार्यक्रम भी चलाए हैं, जहां मोबाइल वैन के जरिए सामूहिक आवेदन लिए गए। पासपोर्ट बनवाने के लिए पहले की तरह ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए आधिकारिक पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर जाकर आवेदन भरना होगा, शुल्क जमा करना होगा और जहां उपलब्ध हो, मोबाइल वैन स्लॉट चुनना होगा। अब तक कई लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। कई बार अपॉइंटमेंट और दस्तावेजी प्रक्रिया के कारण परेशानी भी होती थी। मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा से यह प्रक्रिया काफी आसान होने की उम्मीद है।
Also Read : सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक का निधन


