Patna : बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्य सरकार ने महिलाओं को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत शुक्रवार को राज्यभर की महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की चौथी किस्त ट्रांसफर की जा रही है। यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और छोटे कारोबार शुरू करने के लिए शुरू की गई है। अब तक 1.21 करोड़ महिलाओं को सहायता मिल चुकी है।
योजना की शुरुआत 29 अगस्त 2025 को हुई। हर लाभार्थी को 10 हजार रुपये सीधे खाते में मिलते हैं। अगर महिला 6 महीने बाद भी कारोबार जारी रखती है, तो आगे 2 लाख रुपये तक की मदद मिलेगी। इससे कई महिलाओं ने सिलाई, ब्यूटी पार्लर, फूड प्रोसेसिंग, डेयरी, पापड़ बनाना, मुर्गी पालन जैसे 18 तरह के छोटे व्यवसाय शुरू किए और परिवार की आय बढ़ाई।
किस्तों का विवरण :
- पहली किस्त : 26 सितंबर को पीएम मोदी ने 75 हजार महिलाओं को दी।
- दूसरी किस्त : 3 अक्टूबर को 25 लाख महिलाओं को।
- तीसरी किस्त : 6 अक्टूबर को 21 लाख महिलाओं को।
- चौथी किस्त : आज 17 अक्टूबर को।
किस्तें हर 7 दिन बाद: अगली 24 और 31 अक्टूबर, नवंबर में 7, 14, 21, 28; दिसंबर में 5, 12, 19, 26 को। चुनाव आयोग के नियमों का पालन करने के लिए तारीखें पहले तय की गईं।

योजना का लाभ और चेक कैसे करें
सरकार का दावा है कि यह महिला सशक्तिकरण का ऐतिहासिक कदम है। ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार से दूसरों को भी नौकरी दे रही हैं। आवेदन स्वीकृत महिलाओं को पैसा ऑटो ट्रांसफर हो जाएगा। नाम चेक करने के लिए “बिहार जीविका लिस्ट” ऑनलाइन देखें।
Also Read : EPFO में नए सुधारों पर घमासान : विपक्ष ने कहा ‘क्रूरता’, सरकार बोली ‘सदस्यों की सुविधा’