Patna : बिहार में ठंड एक बार फिर बढ़ने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार जेट स्ट्रीम के सक्रिय होने और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के तेज चलने से आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज होगी। उत्तर बिहार के कई जिलों में तेज पछुआ हवा चलेगी, जिसकी रफ्तार 40 किमी प्रति घंटे तक पहुँच सकती है।
शुक्रवार सुबह पटना, बेतिया, गोपालगंज, बेगूसराय समेत कई शहरों में घना कोहरा छाया रहा। खेतों में ओस जमी देखी गई। औरंगाबाद में न्यूनतम तापमान 9°C दर्ज किया गया है। दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और शाम की ठंड लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि तेज हवा के कारण सुबह में कोहरा थोड़ा कम होगा, जबकि शाम तक फिर से धुंध फैल सकती है, जिससे दृश्यता घटेगी।
पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी और अररिया में ठंडी हवा का असर अधिक दिख रहा है। कई जगह लोग सुबह-सुबह अलाव का सहारा लेते दिखे और बच्चों को शॉल ओढ़कर स्कूल जाते देखा गया। पत्तों पर ओस की मोटी परत भी सुबह की ठंड का संकेत दे रही है।

अगले 3 दिनों में और गिरेगा तापमान
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में रात का तापमान और कम होगा। उत्तर-पश्चिमी हवा से रात की ठंड और कड़ाके की लगेगी, जबकि दिन में धूप रहने से मौसम में हल्की राहत बनी रहेगी। दिसंबर के पहले सप्ताह से ठंड और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
विशेषज्ञों के अनुसार, जेट स्ट्रीम वायुमंडल में तेज गति से बहने वाली पवन धाराएं होती हैं, जो मौसम में बदलाव लाती हैं। इसके नीचे खिसकने से उत्तर की ठंडी हवाएं बिहार में तेजी से फैल रही हैं, जिससे न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है।
पटना में हल्की गिरावट दर्ज
राजधानी पटना में अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 1–2 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है। सुबह-शाम धुंध और ठंड का असर बना रहेगा। पछुआ हवा के कारण रातें ज्यादा ठंडी होंगी, हालांकि दिन के समय हल्की धूप निकलेगी और मौसम सामान्य महसूस होगा।

