Ranchi : तुपुदाना के रावण दहन मैदान में गेल इंडिया कंपनी की घरेलू गैस पाइपलाइन में आग लग गई। शुरू में छोटी दिख रही आग धीरे-धीरे विकराल रूप ले गई। ऊंची-ऊंची लपटें और काला धुआं आसमान में फैल गया, ऐसा लगा मानो दिन में ही रात छा गई हो।
आफरा-तफरी और लोग घटनास्थल पर पहुंचे
आग की लपटें देखकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर बढ़ने लगे। अफरा-तफरी का माहौल रिंग रोड तक फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही तुपुदाना पुलिस ने तुरंत सिटी कंट्रोल रूम में अग्निशमन टीम को सूचना दी।
अग्निशमन विभाग की कार्रवाई
प्लास्टिक पाइप होने के कारण आग तेजी से बढ़ रही थी और लगभग 1 घंटे तक लगातार जलती रही। अग्निशमन गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि तुपुदाना बालसिलिंग रोड पर लगे पथ निर्माण विभाग के गेट तक जल गए, गेट पर लिखा नाम और दूरी का विवरण नष्ट हो गया।
धुआं और स्वास्थ्य पर असर
आग बुझने के बाद भी चारों तरफ काला धुआं फैला हुआ था, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही थी। प्रशासन ने लोगों को आग से दूर रहने के निर्देश दिए।
गेल इंडिया की योजना पर बड़ा झटका
गेल इंडिया कंपनी द्वारा घर-घर गैस कनेक्शन पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना को इस आग से बड़ा झटका लगा है। इलाके में पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा था और कुछ दिन पहले ही रावण दहन मैदान में बड़े कंटेनर में कई पाइप रखे गए थे। कंपनी के कर्मचारी रोजाना इन्हें उठाकर घरों तक कनेक्शन देने का कार्य कर रहे थे।
जांच का आदेश
तुपुदाना पुलिस ने कहा कि आग कैसे लगी, इसकी जांच की जाएगी। फिलहाल किसी तरह का लिखित विवरण कंपनी की ओर से प्राप्त नहीं हुआ है।

