रांची। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में मंगलवार, 25 नवंबर को निर्वाचन आयोग की ओर से चलाये जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने गंभीर सवाल उठाये. उन्होंने कहा कि SIR की प्रक्रिया में बड़ी संख्या में योग्य मतदाताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. नाम की वर्तनी में मामूली अंतर और उम्र संबंधी विसंगतियों के आधार पर भी मतदाताओं को संदेहास्पद मानकर नोटिस भेजे जा रहे हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी प्रक्रिया में आम मतदाता अपने मताधिकार की रक्षा कैसे करेगा.
वित्त मंत्री ने सदन में आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि झारखंड में कुल 2 करोड़ 64 लाख मतदाता हैं, लेकिन पहले चरण के ड्राफ्ट में केवल 2 करोड़ 21 लाख मतदाताओं के नाम प्रकाशित किये गये हैं. इस तरह करीब 16 फीसदी मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं हैं. वहीं, ड्राफ्ट में शामिल मतदाताओं में से 27 फीसदी को संदेहास्पद मानते हुए नोटिस दिया गया है.
उन्होंने कहा कि नोटिस जारी किये गये मामलों में 70 फीसदी से अधिक तार्किक विसंगतियों से जुड़े हैं. इनमें माता-पिता के नाम की वर्तनी में अंतर और उम्र संबंधी गड़बड़ियां प्रमुख हैं. इन आंकड़ों के आधार पर उन्होंने कहा कि राज्य के कुल मतदाताओं में 38 फीसदी से अधिक या तो ड्राफ्ट मतदाता सूची से बाहर हैं या फिर संदेह के घेरे में रखकर उन्हें नोटिस जारी किया गया है.
मतदाता पर ही प्रमाण देने की जिम्मेदारी
राधाकृष्ण किशोर ने SIR की प्रक्रिया में प्रमाण देने की जिम्मेदारी मतदाताओं पर डालने को लेकर भी आपत्ति जतायी. उन्होंने कहा कि भारत का नागरिक होना, 18 वर्ष की आयु पूरी करना और संबंधित निर्वाचन क्षेत्र का निवासी होना मतदाता बनने की बुनियादी शर्तें हैं.
किसी भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए. लेकिन SIR की प्रक्रिया में पहले से मतदाता सूची में शामिल व्यक्ति को भी अपनी पात्रता साबित करने के लिए बाध्य किया जा रहा है. जब तक वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रमाण नहीं देता, तब तक उसे वैध मतदाता के रूप में स्वीकार नहीं किया जाता.
मताधिकार से वंचित कर दूसरे दर्जे का नागरिक बनाने का आरोप
वित्त मंत्री ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश उज्ज्वल भुइयां के विचारों का हवाला देते हुए कहा कि इस तरह की प्रक्रिया के कारण लाखों भारतीयों को उनके मताधिकार से वंचित किया जा सकता है. उन्हें अपने ही देश में दूसरे दर्जे का नागरिक बना दिया जाता है, क्योंकि उन्हें मतदान का अधिकार नहीं मिल पाता. उन्होंने SIR की प्रक्रिया को बेमानी और मनमानी बताते हुए कहा कि किसी भी तरह की दलील देकर ऐसी प्रक्रिया को उचित नहीं ठहराया जा सकता.
Also Read : यूपी में सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस में बढ़ी तकरार, 26 सीटों की सूची पर इमरान मसूद ने जतायी नाराजगी
No comments yet. Be the first to comment!