West Singhbhum : कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के टांगर गांव में हाथी के आतंक के बीच चोरी की वारदात सामने आई। हाथी के डर से दुकान-घर खाली कर परिवार गांव के अंदर सोने गया, तो चोरों ने रातों-रात लगभग 50 हजार रुपये नगद और दुकान का सामान उड़ा लिया।
घटना कैसे हुई
टांगर गांव निवासी लक्ष्मण गोप का दुकान-घर गांव के किनारे स्थित है। शुक्रवार की रात क्षेत्र में हाथी की आवाजाही की सूचना मिलने पर परिवार ने गांव के अंदर वाले घर में रात बिताने का फैसला किया। पीड़ित ने बताया कि रात करीब 11 बजे उनके पिता अर्जुन गोप दुकान-घर की स्थिति देखने गए थे, तब सब सामान्य था। अनुमान है कि चोरी 11 बजे के बाद हुई।
पीछे की दीवार तोड़कर किया सेंध
चोरों ने दुकान-घर के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। ड्रॉअर में रखे 50 हजार रुपये नगद ले गए। हालांकि, सामने रखा मोबाइल और लैपटॉप चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया। इसके अलावा दुकान से सरसों तेल, बिस्कुट और अन्य छोटे सामान भी बड़ी मात्रा में ले गए। सुबह करीब साढ़े पांच बजे परिजन पहुंचे तो देखा कि पीछे सड़क का साइन बोर्ड खड़ा कर दीवार तोड़ी गई थी। घटना की सूचना कुमारडुंगी थाना प्रभारी रंजीत उरांव को दी गई।
हाथी का डर, चोरों का फायदा
लक्ष्मण गोप ने बताया कि एक दिन पहले चौकड़ी गांव में गुरु प्रसाद नायक के घर को हाथी ने क्षतिग्रस्त किया था और बाहर खड़ा होकर निकलने का रास्ता रोक दिया। इसी डर से उन्होंने दुकान-घर में सोने का जोखिम नहीं उठाया। “हाथी ने नुकसान नहीं पहुंचाया, लेकिन चोरों ने मौके का फायदा उठा लिया,” लक्ष्मण ने कहा। उन्होंने बताया कि चोरी गए पैसे एक दिन पहले ही बैंक से निकाले गए थे।
गांव में दहशत और मांग
घटना के बाद गांव में डर और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने रात की गश्ती बढ़ाने और हाथी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी और चोर दोनों ने घरवालों के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं, और प्रशासन को अब समय रहते सतर्क होना चाहिए।
Also Read : जांच में देरी, इलाज पर असर : पीएमसीएच में डॉक्टरों की कमी से बदला सिस्टम


