Patna : राजधानी पटना में एक पिता ने नशे की हालत में अपने मासूम बेटे की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त प्रभात महतो के बेटे शनि कुमार (छह वर्षीय) के तौर पर की गई है। घटना के बाद आरोपी बाप प्रभात महतो फरार हो गया है। पुलिस ने पत्नी करुणा देवी के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। घटना जक्कनपुर थाना क्षेत्र के करबिगहिया के पास एक होटल से सामने आई है।
करुणा देवी ने बताया कि वे रोजी-रोटी की तलाश में लखीसराय से पटना आए थे और पटना जंक्शन पर रह रहे थे। शनिवार को शाम करीब 4 बजे उन्होंने दोनों बच्चों को खाना खिलाकर सुला दिया था। रात 10 बजे के आसपास उनके पति प्रभात महतो नशे में धुत होकर होटल पहुंचे। देर से आने की बात पर नाराज होकर उन्होंने बच्चे की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। करुणा के बहुत समझाने के बावजूद वह नहीं रुके और बच्चे को पीट-पीटकर मार डाला।
होटल कर्मियों ने दी पुलिस को सूचना
आज यानी रविवार सुबह होटल कर्मियों को कमरे से रोने की आवाज सुनाई दी। झांककर देखने पर कुछ गड़बड़ लगी, जिसके बाद उन्होंने जक्कनपुर थाने को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बॉडी को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मां की आर्थिक स्थिति कमजोर, अकेले संघर्ष
घटना के बाद करुणा देवी अपने बेटे की बॉडी के साथ अस्पताल पहुंची हैं। उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और परिवार का कोई अन्य सदस्य पटना में मौजूद नहीं है, जिसके कारण करुणा अपनी छोटी बेटी के साथ अकेले इस दुखद स्थिति का सामना कर रही हैं।
आरोपी पिता फरार, पुलिस कर रही छापेमारी
जक्कनपुर थाने के प्रभारी मनीष कुमार ने मीडिया को बताया कि आरोपी प्रभात महतो पिछले एक महीने से पटना जंक्शन पर मजदूरी का काम करता था। घटना के बाद से वह फरार है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
Also Read : भगवान श्रीराम और माता सीता NDA और BJP का नैय्या पार लगाएगी : BJP प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल