Ranchi : कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) ने स्प्री (SPREE) योजना की अवधि को एक महीने के लिए बढ़ा दिया है। अब यह योजना 31 जनवरी तक लागू रहेगी। पहले यह योजना 31 दिसंबर तक ही प्रभावी थी, लेकिन अधिक से अधिक लाभार्थियों को इसका लाभ देने के उद्देश्य से इसकी अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
कर्मचारी राज्य बीमा निगम के मुख्यालय से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। ईएसआईसी मुख्यालय के संयुक्त निदेशक सत्यजीत कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि असंगठित क्षेत्र के अधिक से अधिक कर्मचारी और नियोक्ता योजना से जुड़ सकें।
स्प्री योजना के तहत नए नियोक्ताओं और कर्मचारियों का पंजीकरण सरल प्रक्रिया के माध्यम से किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य उन कर्मचारियों को ईएसआईसी की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना है, जो अब तक इससे वंचित थे। योजना के अंतर्गत पंजीकृत कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाएं, बीमा लाभ और अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं प्रदान की जाती हैं।
ईएसआईसी अधिकारियों ने बताया कि योजना की अवधि बढ़ने से बड़ी संख्या में कामगारों को लाभ मिलने की उम्मीद है। विभाग ने नियोक्ताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपने कर्मचारियों का पंजीकरण कराएं और योजना का पूरा लाभ उठाएं।


