गिरिडीह में महुआ चुनने जंगल गई महिला को हाथी ने कुचला, मौत

Joharlive Team

गिरिडीह। जिले में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हाथी यहां घटना को अंजाम दे रहे हैं। इस बार एक हाथी ने बुधवार सुबह जंगल में महुआ चुनने गई एक महिला को कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

मुफस्सिल थाना इलाके के बजटो गांव के समीप कुरकुरिया पहरी जंगल है. बजटो की रहने वाली 32 वर्षीय ललिता देवी महुआ चुनने जंगल गई थी। यहां हाथी ने महिला को कुचलकर मार डाला। जब लोग बराकर नदी की तरफ से निकले तो लोगों को घटना की जानकारी मिली। इस पर परिजनों को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों के साथ परिजन मौके पर पहुंचे और वन विभाग को मामले की जानकारी दी। बाद में वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।