Johar Live Desk : भारतीय रसोई के अनिवार्य हिस्से माने जाने वाले आलू, प्याज और लहसुन अक्सर घरों में लंबे समय तक स्टोर किए जाते हैं। हालांकि, विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगर ये सब्जियां अंकुरित हो जाएं तो इन्हें खाना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, अंकुरित आलू में सोलनिन नामक जहरीला तत्व बढ़ जाता है, जो खाने पर मतली, उल्टी, पेट दर्द और दस्त जैसी समस्याएं पैदा कर सकता है। वहीं, अंकुरित प्याज और लहसुन में सल्फर कंपाउंड की मात्रा बढ़ जाती है, जिससे गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल परेशानियां हो सकती हैं।
प्याज और लहसुन : अंकुरित प्याज और लहसुन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं। इन्हें रखने के लिए अंधेरी, ठंडी और नमी रहित जगह चुननी चाहिए। अंकुरित प्याज का अचार बनाने में इस्तेमाल करने पर भी सावधानी बरतनी जरूरी है। लहसुन पर अंकुर निकलने पर उसे छीलने से ब्लैक फंगस पनप सकता है, इसलिए इन्हें फेंक देना ही बेहतर है।
आलू : लंबे समय तक रखने पर आलू में छोटे अंकुर निकलने लगते हैं। कई लोग इन्हें निकालकर इस्तेमाल करते हैं, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि यह सुरक्षित नहीं है। सर्द, अंधेरी और सूखी जगह पर आलू को स्टोर करना चाहिए, ताकि अंकुरण न हो। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के अध्ययन में यह भी पाया गया कि गर्भवती महिलाओं द्वारा अंकुरित आलू खाने पर जन्मजात समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।

कच्चा न खाएं : विशेषज्ञों ने अल्फाल्फा के बीज और अंकुरित फलियों जैसी चीजों को कच्चा खाने से भी मना किया है। इन्हें खाने से फूड पॉइजनिंग का खतरा हो सकता है, खासकर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और कमजोर प्रतिरक्षा वाले लोगों के लिए।
अंकुरित सब्जियां, अनाज और बीज केवल पकाकर ही खाएं और लंबे समय तक स्टोर करने से बचें। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी निर्णय से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श लेना जरूरी है।
Disclaimer : यह स्वास्थ्य संबंधी जानकारी केवल जानकारी के लिए है। व्यक्तिगत चिकित्सीय सलाह के लिए डॉक्टर से संपर्क करें।
Also Read : होंठों की रूखापन से परेशान हैं? ये हो सकता है कारण

