Ranchi : झारखंड के डुमरी प्रखंड में बलधेरिया पंचायत के सचिव सुखलाल महतो द्वारा प्रखंड परिसर में आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना ने स्थानीय प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोपों को उजागर किया है। सामाजिक कार्यकर्ता जयराम कुमार महतो ने इस घटना को लेकर ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह को पत्र लिखकर त्वरित जांच और विधिसम्मत कार्रवाई की अपील की है।
प्रखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार का संकेत
जयराम महतो ने अपने आवेदन में बताया कि सुखलाल महतो ने आत्महत्या के प्रयास से पहले एक पत्र लिखा, जिसमें उन्होंने डुमरी के बीडीओ और तीन अन्य व्यक्तियों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया। इस घटना को ग्रामीण स्तर पर प्रशासनिक सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही की कमी का प्रतीक बताते हुए जयराम ने कहा कि यह कदम प्रखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है।
दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाये
उन्होंने ग्रामीण विकास मंत्री से अनुरोध किया कि थाना, अंचल और प्रखंड स्तर पर व्याप्त समस्याओं पर ध्यान दिया जाए। जयराम ने जोर देकर कहा कि ऐसी घटनाएं लोकतंत्र और मानवीय मूल्यों पर सवाल उठाती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक व्यवस्था पर जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए तत्काल सुधार और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आवश्यक है।
माननीया @DipikaPS ग्रामीण विकास मंत्री महोदया,
कृपया मामले को संज्ञान में लेकर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करें ताकि आम व्यक्ति का थाना, अंचल व प्रखंड के प्रति आस्था बनी रहे ।@DcGiridih @JharkhandCMO @HemantSorenJMM pic.twitter.com/62txYKTVHN— Jairam Kumar Mahato MLA (@Tigerjairam) June 13, 2025
विभागीय जांच कराई जाए
सोशल मीडिया पर इस मुद्दे ने व्यापक चर्चा को जन्म दिया है, जहां लोग ग्रामीण प्रशासन में सुधार और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की मांग कर रहे हैं। जयराम महतो ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से इस मामले को संज्ञान में लेकर पीड़ित को न्याय दिलाने और प्रखंड स्तर पर व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने यह भी अनुरोध किया है कि इस गंभीर प्रकरण की विभागीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना फिर से न हो और ग्रामीण जनता का प्रशासन पर भरोसा कायम रहे।
Also Read : क्रिकेट का ‘बन्नी हॉप’ कैच अब से अवैध घोषित, ICC ने लिया फैसला