Ranchi : राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार 11 नवंबर तक सुबह में कोहरा या धुंध छा सकती है, जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा। राज्य के मध्य, दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में अगले पांच दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। अगले 2 से 3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है।
रांची में सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड
रांची में आज यानी शनिवार को अधिकतम तापमान 26°C और न्यूनतम तापमान 13°C रहने की संभावना है। 9 नवंबर को न्यूनतम तापमान घटकर 11°C तक पहुंच सकता है। 10 और 11 नवंबर को अधिकतम तापमान 25°C और न्यूनतम तापमान 11°C के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह हल्की ठंड और दिन में सुहावना मौसम रहेगा।
राज्य में नहीं होगी बारिश
पिछले 24 घंटे में झारखंड के किसी भी जिले में बारिश दर्ज नहीं की गई। उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण सुबह और रात की ठंडक बढ़ गई है। दिन में हल्की गर्मी महसूस की जा रही है। पिछले 24 घंटे में राज्य का सबसे अधिक तापमान पाकुड़ में 32.9°C और सबसे कम तापमान गुमला में 12.6°C रिकॉर्ड किया गया।

उत्तर और मध्य झारखंड में तेजी से बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में उत्तर और मध्य झारखंड के जिलों में ठंड तेजी से बढ़ेगी। देवघर, दुमका, गोड्डा और पाकुड़ में अधिकतम तापमान 31-32°C से घटकर 27-29°C तक और न्यूनतम तापमान 18°C से गिरकर 13-15°C तक पहुंच सकता है।
रांची, हजारीबाग, बोकारो और रामगढ़ में दिन का तापमान 25-26°C और रात का तापमान 11-13°C तक रहेगा। इससे सुबह और देर शाम ठंड बढ़ेगी। ग्रामीण इलाकों में हल्का कुहासा छाने की संभावना है। सिंहभूम और सरायकेला में अधिकतम तापमान 28-29°C और न्यूनतम तापमान 12-13°C के आसपास रहेगा।
Also Read : फर्जी ट्रेडिंग ऐप से उड़ा लिए 3.75 करोड़, झारखंड CID ने बंगाल से एक को दबोचा

